भाजपा समर्थित विनय के सिर बंधा जीत का सेहरा
जिला पंचायत अध्यक्ष की तीसरी उम्मीदवार मतदान में ही नहीं हुई शामिल
भाजपा के खेमे में जीत का माहौल, उड़ाए अबीर-गुलाल
सुरक्षा के लिहाज से तैनात रहे पुलिस और पीएसी के जवान
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। जिला पंचायत अध्यक्ष के उपचुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार विनय प्रकाश गोंड विजयी हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष हरीश कुमार राणा को सात मतों से शिकस्त दी। विनय प्रकाश गोंड को जहां 36 वोट मिले, वहीं हरीश कुमार राणा 29 मत तक सिमट गए। चुनाव परिणाम आते ही भाजपा खेमे में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। समर्थक और कार्यकर्ता खुशी से झूम उठे, वहीं हरीश कुुमार राणा के समर्थकों में मायूसी छा गई। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहे।
कुशीनगर जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित थी। करीब ढाई साल पहले हुए चुनाव में तत्कालीन सपा उम्मीदवार हरीश कुमार राणा निर्वाचित हुए थे। अप्रैल माह में अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद से डीएम जिला पंचायत के प्रशासक की भूमिका में थे। उपचुनाव में कुल चार प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। एक उम्मीदवार के पर्चा वापस लेने से तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे।
तयशुदा कार्यक्रम के तहत मंगलवार को दिन के 11 बजे आरओ डीएम डॉ. अनिल कुमार सिंह, एआरओ एडीएम कृष्ण लाल तिवारी और सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्याम नारायण प्रसाद की देखरेख में मतदान शुरू हुआ। 67 जिला पंचायत सदस्यों को मतदान करना था। तीसरी उम्मीदवार वार्ड नंबर 25 सुकरौली मध्य से जिला पंचायत सदस्य मीना देवी वोट डालने ही नहीं पहुंचीं, जबकि एक अन्य सदस्य खड्डा क्षेत्र के हरिगोविंद ने भी मतदान नहीं किया। इस तरह 65 सदस्यों ने ही मतदान किया।
मतदान के बाद डीएम डॉ. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि कुल 65 जिला पंचायत सदस्यों ने मतदान किया। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हरीश कुमार राणा को 29 मत मिले, वहीं वार्ड नंबर 43 फाजिलनगर दक्षिणी से जिला पंचायत अध्यक्ष पद के उम्मीदवार विनय प्रकाश गोंड को 36 वोट मिले। उन्हें सात वोटों से विजयी घोषित किया गया। जैसे ही चुनाव परिणाम की घोषणा हुई, जनपद मुख्यालय पर एमपी लैंड के पास एकत्र भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक नारेबाजी के साथ-साथ अबीर गुलाल उड़ाने लगे। कुछ उत्साही मोबाइल से सेल्फी लेने लगे। सांसद राजेश पांडेय ने भी वहां पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।