कुशीनगर। कप्तानगंज डिस्टलरी गेट के सामने शनिवार की सुबह मोतीलाल नाम के 45 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। कप्तानगंज थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कप्तानगंज कस्बे में डिस्टलरी गेट के सामने चाय की दुकान के बाहर एक तख्त पर मोतीलाल का शव मिला। जेब में कप्तानगंज सीएचसी के ओपीडी की पर्ची मिली, जिस पर मोतीलाल (45) लिखा हुआ था। अगल-बगल के लोगों का कहना था कि यह व्यक्ति पिछले दस वर्षों से यहां रहकर होटलों में काम करके गुजर बसर करता था। शुक्रवार की शाम को लोगों ने उसे रेलवे स्टेशन के सामने घूमते हुए देखा था। सुबह आठ बजे लोगों ने उसे मरा हुआ पाया।
कप्तानगंज थाने के एसओ आरके यादव का कहना था कि कुछ लोगों ने उसे बिहार का निवासी बताया। उसे देखने से लग रहा था कि वह काफी दिनों से बीमार था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।