बंजारीपट्टी पुल पर वैकल्पिक मार्ग की मांग, सपा कार्यकर्ताओं एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
खड्डा। बंजारीपट्टी पुल के निर्माण के चलते करीब 20 हजार की आबादी के आवागमन में हो रही परेशानी को लेकर बुधवार को सपा नेता एवं पूर्व छात्रनेता विवेक ओझा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम खड्डा को ज्ञापन सौंपा। इसमें पुल निर्माण के दौरान तत्काल वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में रामपुर गोनहा, सोनबरसा, चमरडीहा और बंजारीपट्टी सहित आसपास के गांवों के लोगों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की परेशानी का हवाला देते हुए सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था कराने की मांग की गई। साथ ही बिना वैकल्पिक रास्ते के आवागमन बाधित करने के मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार की जवाबदेही तय करने की बात कही गई।
सपा नेता विवेक ओझा ने कहा कि पुल निर्माण जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर हजारों लोगों का रास्ता बंद करना उचित नहीं है। पहले वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था होनी चाहिए। समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रीय जनता के साथ आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान सरतेज यादव, संजय यादव, विजय प्रताप कुशवाहा, अमर जायसवाल, मनोज गुप्ता, रमेश गुप्ता, मनोज कुशवाहा, व्यास मिश्रा, योगेंद्र यादव, सुनील यादव, सरफराज अंसारी, शहबाज अंसारी, मुकेश जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।