17 सेक्टर मजिस्ट्रेट करेंगे बोर्ड परीक्षा की निगरानी
बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में बने हैं 172 परीक्षा केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिला प्रशासन की तरफ से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। परीक्षा के लिए बने 172 परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए जिले को आठ जोन और 17 सेक्टर में बांटा गया है। इसमें एसडीएम समेत अन्य अफसरों को मजिस्ट्रेट के तौर पर तैनात किया गया है।
जिले में 19 राजकीय, 55 वित्तपोषित और 253 स्ववित्तपोषित समेत कुल 328 माध्यमिक विद्यालय संचालित होते हैं। वर्ष 2022 की परीक्षा के लिए हाईस्कूल के 6,18,08 और इंटर के 44,755 समेत कुल 1,06,563 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। बोर्ड परीक्षा 24 मार्च से दो पालियों में होगी। परीक्षा की कड़ी निगरानी के लिए जिले के सभी 172 परीक्षा केंद्रों को आठ जोन और 17 सेक्टर में बांटा गया है।
जिले के एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र के जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है, जबकि सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी भी गजिस्ट्रेट अफ्सरों को सौंपी गई है। ये अधिकारी परीक्षा के दौरान पलपल की गतिविधियों पर पैनी नजर रखेंगे। इसके अलावा परीक्षा के दौरान सभी विद्यालयों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। डीआईओएस मनमोहन शर्मा ने बताया कि बोर्ड परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह संकल्पित है। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है।