पडरौना। सोमवार शाम आंधी-बारिश के बाद पडरौना नगर में गड़बड़ाई बिजली आपूर्ति बृहस्पतिवार रात करीब दस बजे तक पूरी तरह से सुचारू नहीं हो सकी। इससे लोगों को पेयजल की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इससे नाराज लोग बृहस्पतिवार रात पडरौना स्थित विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और हंगामा करने लगे। लोगों के आने से पूर्व ही कर्मचारी भाग निकले। मौके पर मौजूद एक कर्मी से लोगों की तीखी नोकझोंक भी हुई। कर्मी ने अपने स्तर से कुछ नहीं कर पाने का हवाला देकर लोगों से हाथ जोड़ लिया। उसके बाद लोगों का गुस्सा थोड़ा कम हुआ। लोगों का कहना था कि सोमवार को आई आंधी के बाद से बिजली व्यवस्था बाधित है। बुधवार की रात से ही पूरे शहर में बिजली नहीं है। लिहाजा घरों में लगे इंवर्टर भी बैठ गए हैं। यदि यही हाल रहा तो पानी के लिए भी तरस जाएंगे। डीएम डॉ. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आंधी की वजह से समस्या उत्पन्न हुई है। एक्सईएन को सख्त हिदायत दी गई है कि शुक्रवार तक व्यवस्था पूरी तरह सुधार लें ताकि लोगों को समस्या न हो।
इससे पूर्व बिजली गुल होने से नाराज पडरौना क्षेत्र के बंधूछपरा गांव लोगों बृहस्पतिवार शाम को करीब साढ़े छह बजे पडरौना-खड्डा मार्ग जाम कर दिया और सड़क पर हंगामा करने लगे। बाद में यूपी 100 की पुलिस पहुंची और उपभोक्ताओं की समस्या से विद्युत निगम के अफसरों और अन्य अधिकारियों को अवगत कराकर समस्या का निदान कराने का आश्वासन दिया। पुलिस के समझाने पर लोग मान गए। तक जाकर आवागमन बहाल हो सका। जाम करने वालों में विश्वनाथ सिंह, महेश शर्मा, मारकंडेय, अरुण यादव, राजन, राजेश सहित कई लोग शामिल थे।
दरअसल, सोमवार शाम आपूर्ति ठप होने के बाद से ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है। बिजली आती और फिर घंटों चली जाती है। बृहस्पतिवार को पूरे दिन पडरौना शहर एवं आस-पास के मोहल्लों में बिजली गुल रही। पडरौना नगर के सुभाष चौक, तिलक नगर, रामकोला रोड, अंबेडकरनगर, छावनी पूर्वी, गायत्री नगर, रफी अहमद किदवई नगर, ओंकार वाटिका कॉलोनी, आवास विकास कॉलोनी, तुलसी आवासी कॉलोनी, शिवसागर कॉलोनी सहित विभिन्न मोहल्लों में बिजली न रहने के कारण लोग उमस भरी गर्मी में बेहाल रहे। इससे महिलाओं से लेकर बच्चों तक को इससे परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं आपूर्ति ध्वस्त होने लोगों को स्नान, कपड़े धोने, भोजन बनाने सहित विभिन्न कार्यों के लिए परेशानी झेलनी पड़ी।
केबिल कटा, बीएसएनएल की सेवाएं ठप
जिलेभर में बृहस्पतिवार को बीएसएनएल की संचार सेवाएं पूरे दिन ठप रहीं। सभी विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों के मोबाइल नंबर बीएसएनएल के हैं, इसलिए उनके नंबर पर पूरे दिन संपर्क न होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। एसडीओ फैजान ने बताया कि कसया में ऑप्टिकल फाइबर केबिल कटने की सूचना मिली है। सड़क खोदकर उसे ठीक कराना पड़ेगा। इसके लिए काम चल रहा है।