कुशीनगर। इंसेफेलाइटिस के चलते हो रही मासूमों की मौत और टीकाकरण में लापरवाही सामने आने पर डीएम ने सख्ती बरती है। डीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य महकमा ने माइक्रो प्लॉन बनाकर पहले चरण में तीन ब्लॉकों में टीकाकरण करने का निर्णय लिया है। टीकाकरण अभियान मंगलवार शुरू किया जाएगा।
जनवरी से अब तक जनपद में इंसेफेलाइटिस के 316 केस सामने आ चुके हैं। जिनमें 32 की मौत हो चुकी है। इसे देखते हुए डीएम ने जब टीकाकरण के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि इसकी रफ्तार बेहद सुस्त है। उसके बाद सीएमओ को टीकाकरण अभियान में तेेजी लाने का निर्देश दिया। इसके बाद स्वास्थ्य महकमा ने माइक्रो प्लॉन बनाकर टीकाकरण अभियान चलाने का निर्णय लिया है। अभियान के पहले चरण में जनपद के रामकोला, कप्तानगंज और खड्डा ब्लॉक को लिया गया है। इन तीनों ब्लॉकों के करीब दस हजार बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए 25 एएनएम और 25 आशा कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है।
सीएमओ डॉ. अखिलेश कुमार ने बताया कि इंसेफेलाइटिस के टीकाकरण अभियान के लिए माइक्रो प्लॉन बनाकर काम किया जाएगा। पहले चरण में तीन ब्लॉक लिए गए हैं। यह टीकाकरण अभियान मंगलवार से शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि टीकाकरण को लेकर ही मंगलवार को सभी सीएचसी व पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारियों की बैठक बुलाई गई है, ताकि उन्हें इसके संबंध में निर्देशित किया जा सके।