पडरौना। उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन से जुड़े लोगों ने मंगलवार को 16 सूत्री ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। इस ज्ञापन में दलित, आदिवासी व अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की गई है।
यूनियन के अध्यक्ष अशोक यादव की अगुवाई में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। इस ज्ञापन में दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक व महिलाओं के उत्पीड़न को रोके जाने, सहारनपुर में दलितों के ऊपर किए गए हमले की न्यायिक जांच कराने, भूमि सुधार कानून के तहत भूमिहीन खेत मजदूरों को जीविकोपार्जन के लिए जमीन का आवंटन करने, मजदूरों को पक्का आवास व 400 रुपए प्रतिदिन मजदूरी दिए जाने आदि की मांग की गई है। इस मौके पर ब्रजेश गौंड़, समसुद्दीन, सुरेश पटेल, सुदामा यादव, सगीर आलम, इस्लाम अंसारी, हरिशंकर यादव, मोहन गोंड़, उमरावती, वीके मंसूरी, वकील अहमद, अतुल कुमार आदि शामिल रहे।