कुशीनगर। सोमवार की सुबह ईद की नमाज के बाद एक गांव में दो वर्गों के बीच विवाद होते-होते बचा। थाना क्षेत्र के एक गांव में ईदगाह के बगल में अंडे के एक दुकानदार पर किशोरी को छेड़ने का आरोप लगाकर कुछ लोगों ने पीट दिया। उसके बचाव में आए चार अन्य युवकों को भी मौजूद लोगों ने पीटा। जब तक दुकानदार के घरवाले वहां पहुंचे, रामकोला थाने के एसओ मयफोर्स पहुंच गए। एसडीएम कप्तानगंज, एडीएम और एएसपी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला तथा लोगों को शांत किया। पुलिस ने किशोरी के पिता की तहरीर पर पांच युवकों के खिलाफ छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया।
सोमवार की सुबह ईदगाह में लोग ईद की नमाज अदा करने गए थे। ईदगाह के बगल में ही एक युवक ठेले पर अंडे की दुकान लगाया था। नमाज अदा करने के बाद लोग अपने घरों को लौटने लगे। वहां रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के साथ छेड़खानी करने का आरोप लगाकर दुकानदार को पीट दिया। दुकानदार की तरफ से गांव के कुछ अन्य युवक पहुंचे तो मौजूद लोगों ने उन्हें भी पीट दिया। दुकानदार के घरवालों तक सूचना पहुंची और वे ईदगाह की ओर बढ़े, तब तक रामकोला थाने के एसओ अजय कुमार सिंह मयफोर्स पहुंच गए और लोगों को शांत कराने लगे। सूचना मिलने ही एसडीएम कप्तानगंज, एडीएम कृष्णलाल तिवारी और एएसपी हरगोविंद भी मयफोर्स पहुंच गए। पुलिस और प्रशासन ने मिलकर दोनों वर्गों के लोगों को समझाया, तब जाकर लोग शांत हुए। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवकों को जेल भेज दिया।