पुल निर्माण कार्य के लिए आंदोलन की चेतावनी
पुल क्षतिग्रस्त होने से हो चुकी हैं कई घटनाएं, कई बार प्रदर्शन भी
पडरौना। जंगल खिरकिया बाजार में खिरकिया पुल निर्माण को लेकर बुधवार को पूर्वांचल किसान यूनियन ने पंचायत लगाई। इसमें खिरकिया पुल के शीघ्र निर्माण की मांग की गई। चेतावनी दी गई कि यदि पुल का निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
संगठन के अध्यक्ष पप्पू पांडेय ने कहा कि पडरौना से जटहांबाजार और बांसी के रास्ते बिहार तक जाने वाले मार्ग पर खिरकियां स्थान के पास बना पुल संकरा होने के साथ ही मरम्मत के अभाव में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इस रास्ते से हर रोज काफी संख्या में लोग विभिन्न वाहनों से आते-जाते हैं। यहां दिन में कई बार जाम लगता है। छोटी-मोटी घटनाएं होती रहती हैं। कुछ वर्ष पहले इस सड़क का चौड़ीकरण किया गया, लेकिन पुल का नए सिरे से निर्माण न करे पहले की भांति ही छोड़ दिया गया। अब यह पुल इस कदर जर्जर हो गया है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। पुल का एक हिस्सा धंस जाने बीते करीब एक वर्ष पहले एक ट्रक गिर कर गहरे खाई में चला गया, जिसमें बड़ा हादसा होते-होते बचा। इस पुल के निर्माण के लिए कई बार डीएम समेत संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के अलावा प्रदेश सरकार को लिखित रुप से मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नही होने से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। उन्होंने शासन और प्रशासन को चेताया कि यदि एक सप्ताह के भीतर इस पुल का नए सिरे से निर्माण शुरू नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान पंचराम त्रिपाठी, रोशन चौधरी, चंद्रदेव चौहान, मनोज, उमा, सिमरिखा, हरिलाल, शिव, पार्वती, धर्मेंद्र, सोखा, महंथ, पूरन, मंगल, मीना आदि मौजूद रहे।