किसान सम्मान निधि से वंचित किसानों का पुन: होगा सत्यापन: सूर्य प्रताप शाही
न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित होगी किसान पाठशाला
अमर उजाला ब्यूरो
तुर्कपट्टी। क्षेत्र के ग्राम सभा बरवा सुखदेव में रविवार की देर शाम प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही एक तिलक समारोह में सम्मिलित हुए। पत्रकार सुरेंद्रनाथ राय के घर उनके पुत्र के तिलक समारोह में पहुंचे कृषि मंत्री ने वर-वधू को आशीर्वाद देते हुए सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
उन्होंने पत्रकारों से कहा कि बहुत ऐसे किसान हैं, जिन्हें किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं मिला है। इसका मुख्य कारण सही अभिलेख उपलब्ध न कराना है। सत्यापन के दौरान उनके अभिलेखों में कमी पाई गई है, जिस कारण कुछ किसान इस निधि से वंचित रह गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव से वार्ता कर छूटे किसानों का पुन: जिला बार सत्यापन कराने को कहा है। उसके बाद सभी किसानों के खाते में सम्मान निधि पहुंच जाएगी। कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों की आमदनी को दोगुना करने की दृष्टि से खरीफ फसल को ध्यान में रखते हुए 10 जून से 13 जून तक प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर किसान पाठशाला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें उन्हें कृषि विभाग के कर्मचारी प्रत्येक न्याय पंचायत के दो दो गांव में जाकर किसानों को कृषि तकनीक का प्रयोग करने के तरीके, वैज्ञानिक विधि से कृषि करने, अच्छे किस्म के बीजों का उपयोग करने तथा गन्ना संबंधी जानकारी देंगे। ताकि किसानों की आमदनी दोगुनी की जा सके। सरकार किसानों के दोगुने आय के प्रति प्रतिबद्ध है।