बतरौली पूर्व माध्यमिक विद्यालय हाटा में समर कैंप के समापन में अवसर पर पहुंचे बीएसए ने छात्रों के बनाए मॉडल की सराहना की।
- फोटो : अमर उजाला
हाटा। बतरौली पूर्व माध्यमिक विद्यालय पर आयोजित समर कैंप में बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। कैंप के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बीएसए ने बच्चों की ओर से बनाए गए विभिन्न मॉडल को देखा और प्रशंसा की।
राज्य सरकार की ओर से आदर्श शिक्षक के रूप में सम्मानित पूर्व माध्यमिक विद्यालय बतरौली के अध्यापक सुनील सिंह की अगुवाई में 17 से 25 मई तक समर कैप का आयोजन किया गया। प्रशिक्षकों ने विज्ञान और कला संबंधित प्रशिक्षण छात्र-छात्राओं को दिया गया। जिसमें बच्चों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया।
समापन के अवसर पर बच्चों की ओर से लगाई गई विज्ञान और कला प्रदर्शनी को सभी ने सराहा। बीएसए ने मॉडल बनाने वाले बच्चों को नकद पुरस्कार भी दिया। इस दौरान प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
खेल और विज्ञान के मॉडल बनाने में जिले और राज्य में विद्यालय का नाम रोशन करने वाली विद्यालय की छात्रा प्रिया और माधुरी को उनके माता पिता की मौजूदगी में बीएसए ने चेक एवं मेडल देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विशिष्ट बीटीसी वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, प्रशिक्षक कमलेश गुप्ता, रश्मि जायसवाल, सुनील सिंह, राजेंद्र सिंह सिंह उपस्थित रहे।