पडरौना। बृहस्पतिवार को शहर के तिलक चौक पर लगे ट्रांसफार्मर से जुड़े करीब 300 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। परेशान लोगों ने बिजली कर्मियों से संपर्क किया। करीब चार घंटे बाद बिजली कर्मचारी जब गड़बड़ी ठीक करने पहुंचे तो पता लगा कि ट्रांसफार्मर पर चढ़े गिरगिट की वजह से फ्यूज उड़ गया था। फाल्ट की वजह से गिरगिट भी मरकर तार पर लट गया था। सुबह करीब सात बजे तिलक चौक के आस-पास के घरों व दुकान में अचानक बिजली गायब हो गई। लोगों ने समझा कि विभाग की तरफ से कटौती की गई, लेकिन काफी देर तक बिजली नहीं आने पर उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंचे बिजली कर्मचारियों ने फाल्ट खोजना शुरू किया तो पता लगा कि चौराहे पर लगे 250 केवीए के ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ा है। इसे ठीक करने के लिए लाइनमैन ट्रांसफार्मर पर चढ़ा तो 11 हजार वोल्ट के तार पर गिरगिट मरकर लटका हुआ था। लाइनमैन का कहना था कि तार पर लटके इस गिरगिट की वजह से ही फाल्ट हुआ था। फिलहाल चार घंटे बाद इस इलाके की बिजली आपूर्ति शुरू हुई।