कुशीनगर। अहिरौली क्षेत्र के बेलवा गांव में सड़क नहीं बनने से नाराज लोगों ने टूटी सड़क पर धान की रोपाई कर दी। गांव के लोगों का तर्क है कि जब सड़क नहीं बनवा सकते तो इसे खेत ही रहने दिया जाए। इस सड़क पर बरसात में कीचड़ की वजह से लोग बहुत परेशान थे।
बेलवा गांव की प्रमुख सड़क जो प्राथमिक विद्यालय की तरफ से जाती है, उस पर करीब 25 वर्ष पहले खड़ंजा लगा था। धीरे-धीरे खड़जे की ईंट उखड़ गई और सड़क ऊबड़-खाबड़ हो गई। गांव के बीच से होकर गुजरने वाली यह सड़क बरसात में कीचड़ से भर जाती है। इसे बनवाने के लिए गांव के लोगों ने ग्राम प्रधान से लेकर विधायक व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों तक से कई बार गुहार लगाई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। इधर बारिश होने से इस सड़क की हालत और खराब हो गई। कीचड़ व जलभराव के चलते आवागमन बाधित हो गया। परेशान लोगों ने शनिवार को सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से में धान की रोपाई कर दी।
गांव के अभय प्रताप सिंह, विवेक मिश्रा, सुरेंद्र मिश्रा, रवि प्रताप, रामकृपाल, रफीक अली, विकास आदि का कहना है कि कीचड़ से भरी इस सड़क पर रोज ही लोग गिरते हैं। प्राथमिक विद्यालय का यही रास्ता होने से बच्चे और शिक्षकों को भी दिक्कत होती है। विरोध जताने का यही तरीक बचा था। अगर इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो लोग उग्र आंदोलन भी करेंगे।