जटहा बाजार। पिजावा स्थान मंदिर पर अक्टूबर महीने में अन्नपूर्णा महायज्ञ के प्रसाद के लिए बनने वाली पंद्रह क्विंटल की लिट्टी के लिए तैयारी शुरू हो गई है। ट्रॉयल के लिए रविवार को 15 किलो की लिट्टी बनवाई गई। आयोजकों के अनुसार पहला प्रयोग सफल रहा है।
पडरौना ब्लॉक के नाहर छपरा गांव के पास स्थित पिजावा स्थान मंदिर पर 10 से 17 अक्टूबर तक अन्नपूर्णा महायज्ञ का आयोजन होगा। महायज्ञ के श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण के लिए 15 क्विंटल की लिट्टी बनवाई जाएगी। मंदिर के महंत रतन दास पुरी ने बताया की इस लिट्टी को पकाने के लिए 24 घंटे पहले आग जलाई जाएगी। 28 फिट चौड़ा और डेढ़ फिट गहरा गड्ढा खोदा जाएगा। लोहे का स्टैंड बनेगा, जिस पर रखकर लिट्टी को पकाया जाएगा। इस लिट्टी के निर्माण में करीब 21 लाख रुपये के खर्च का अनुमान है। कार्यक्रम की तैयारी के क्रम में रविवार को 15 किलो की लिट्टी पकाई गई। इस दौरान हनुमान इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य शैलेंद्र दत्त शुक्ल, सत्यम शिवम मिश्र, लक्ष्मी वर्मा, भभिक्खन, विनोद कुशवाहा, विनोद गुप्ता, जनार्दन यादव, सुखल यादव आदि लोग मौजूद रहे।