पडरौना। यूएनपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया रविवार से शुरू हो गई। पहले दिन कुल 15 छात्रनेताओं ने नामांकन पत्र खरीदे। इसमें से सात नामांकन पत्र अध्यक्ष पद के लिए खरीदे गए। महामंत्री पद के एक दावेदार ने अपना पर्चा दाखिल किया।
कई साल बाद यूएनपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव होने जा रहा है। शुक्रवार को चुनाव की घोषणा करने हुए आचार संहिता लागू की गई थी। रविवार से नामांकन पत्रों की बिक्री के साथ ही पर्चा दाखिला शुरू हो गया। चुनाव अधिकारी डॉक्टर दु:खी शुक्ला के अनुसार पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए सात, उपाध्यक्ष पद के लिए तीन, महामंत्री पद के लिए दो, पुस्तकालय मंत्री पद के लिए दो और विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद के लिए एक उम्मीदवार ने पर्चा खरीदा। महामंत्री पद के दावेदार मोहम्मद आजम ने अपना पर्चा दाखिल किया।
इस दौरान निर्वाचन कार्य में लगे डॉक्टर आशुतोष सिंह, डॉक्टर अरुण प्रताप सिंह, मनीष सिंह, अखिलेश कुमार सिंह, देवानंद, संतोष कुमार, सतीश खरवार और प्रदीप मोदनवाल मौजूद थे।
मतदाता सूची जारी न करने पर आपत्ति
पडरौना। छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है लेकिन कॉलेज ने इसके लिए मतदाता सूची का प्रकाशन नहीं किया है। अध्यक्ष पद के दावेदार समर प्रताप गोप का कहना है कि इससे निर्वाचन की प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने में दिक्कत आएगी। इस छात्रनेता के अनुसार विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदाता सूची का प्रकाशन किया है, लेकिन कॉलेज प्रशासन ऐसा करने से बच रहा है। इससे पता ही नहीं चलेगा कि चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार या उनके समर्थकों का कॉलेज में नामांकन है भी या नहीं। हालांकि इस मुद्दे पर कॉलेज प्रशासन का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव में मतदाता सूची प्रकाशित करने की कोई परंपरा नहीं रही है। चुनाव पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न होगा।