कुशीनगर। नशे की हालत में सोमवार की रात घर से निकले 27 वर्षीय युवक का शव मंगलवार की भोर में गांव के बाहर एक खेत में मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घर वाले युवक की मौत की वजह आत्महत्या बता रहे हैं।
बताया जा रहा है कि जटहां बाजार थाना क्षेत्र के बाजूपट्टी गांव के नगीना शर्मा का 27 वर्षीय पुत्र धर्मराज सोमवार की रात नशे की हालत में घर आया। किसी बात को लेकर उसका परिवार के लोगों से विवाद हो गया। रात करीब 11 बजे वह घर वालों से नाराज होकर कहीं चला गया। घरवाले समझे कि वह स्वयं ही घर वापस आ जाएगा, लेकिन मंगलवार की भोर में धर्मराज का शव गांव के बाहर एक खेत में नीम के पेड़ के नीचे मिला। गांव के लोगों ने शव देखकर उसके घरवालों को सूचना दी। धर्मराज के पिता नगीना शर्मा ने इसकी सूचना थाने में दी। मौके पर पहुंचे एसआई मनोज राय ने घटना की छानबीन करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नगीना शर्मा ने पुलिस को लिखित तौर पर बताया कि उनके बेटे ने नशे की हालत में आत्महत्या की है। इस संबंध में एसआई मनोज राय का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर मौत के कारण का पता चल सकेगा।