नेपाल लौटा हाथियों का समूह
खड्डा। नेपाल के चितवन नेशनल पार्क से भारत में घुसा हाथियों का समूह स्वदेश लौट गया है। हाथियों के नेपाल जाने के बाद वीटीआर प्रशासन ने राहत की सांस ली है। हाथियों का समूह एक सप्ताह तक वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के विभिन्न वन क्षेत्रों में भ्रमण किया। हाथियों के स्वदेश लौटने की पुष्टि उनके पगमार्ग व मल-मूत्र के आधार पर टीम के सदस्यों ने की है।
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के वन प्रमंडल दो के हरनाटांड वनक्षेत्र के प्रभारी रेंजर अवधेश प्रसाद सिंह के मुताबिक करीब एक सप्ताह पूर्व नेपाल के चितवन नेशनल पार्क व परसा वन आश्रयणी से आए सात हाथियों का दल नेपाल लौट गया। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व प्रबंधन की ओर से गठित रेस्क्यू टीम के सदस्यों ने हाथियों के पगमार्ग व मल-मूत्र के निशानदेही पर हाथियों के नेपाल लौट जाने की पुष्टि की है। इसकी रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गई है। रेस्क्यू टीम के सदस्यों ने बताया कि इंडो-नेपाल बॉर्डर पर स्थित पीलर संख्या 15 व 16 के रास्ते एक नर व तीन मादा समेत कुल सात हाथी नेपाल के क्षेत्र में सुरक्षित चले गए हैं।