संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड की 10वीं व 12वीं के परीक्षार्थियों को परीक्षा पूर्व तैयारी का इस बार बेहतर अवसर मिलेगा। इस बार यूपी बोर्ड भी सीबीएसई बोर्ड के पैटर्न पर प्री बोर्ड परीक्षा कराने जा रहा है। इसके लिए बोर्ड की तरफ से डीआईओएस को निर्देश मिल चुका है। जनवरी महीने में जिले के सभी स्कूलों में प्री बोर्ड परीक्षा कराई जानी है।
जिले में कुल 260 कॉलेज हैं, जिसमें हाईस्कूल के 32057 व इंटर के 26881 बच्चे इस वर्ष बोर्ड की परीक्षा देंगे। इनके लिए कुल 81 कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। बोर्ड परीक्षा के दौरान सख्ती व अन्य कारणों से परीक्षार्थी तनाव में आ जाते हैं। इसे कम करने के लिए बोर्ड ने प्रश्न पत्रों के मॉडल के अलावा परीक्षार्थियों को अतिरिक्त समय भी दिया था। इसके बाद भी परीक्षा का नाम सुनते ही छात्र-छात्राओं की घबराहट बढ़ जाती है।
परीक्षार्थियों के तनाव को कम करने तथा तैयारी के लिए अवसर दिलाने की गरज से सीबीएसई बोर्ड अपने परीक्षार्थियों के लिए प्री बोर्ड परीक्षा आयोजित कराता है। इसके सकारात्मक परिणाम को देखते हुए इस बार यूपी बोर्ड भी 10 वीं व 12वीं के परीक्षार्थियों के लिए प्री बोर्ड परीक्षा आयोजित करने जा रहा है। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से दिशा निर्देश जारी हो चुके हैं। बोर्ड के निर्देश के क्रम में जिले के सभी इंटर कालेजों के प्रधानाचार्यों को डीआईओएस की तरफ से पत्र भेजा गया है। इस पत्र में 10वीं व 12वीं के परीक्षार्थियों के लिए प्री बोर्ड परीक्षा हर हाल में जनवरी महीने में कराने का निर्देश दिया गया है।
मूल्यांकन कर नंबर भी बताएंगे
प्री बोर्ड परीक्षा में शामिल परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का साथ-साथ मूल्यांकन भी किया जाएगा। संबंधित विषय में मिले अंक से परीक्षार्थी को अवगत कराया जाएगा। इससे परीक्षार्थी को उस विषय से संबंधित अपनी तैयारी की जानकारी मिल सकेगी। साथ ही बोर्ड परीक्षा के प्रश्न पत्र का भी पूर्वाभ्यास हो जाएगा।
बोले डीआईओएस
डीआईओएस शिव कुमार ओझा ने कहा कि प्री बोर्ड परीक्षा कराने संबंधी संयुक्त शिक्षा निदेशक बस्ती मंडल का पत्र मिला है। उसके अनुपालन में सभी राजकीय, शासकीय सहायता प्राप्त तथा वित्त विहीन मान्यता प्राप्त इंटर कालेज के प्रधानाचार्यों को पत्र भेज दिया गया है। प्री बोर्ड परीक्षा छात्र-छात्राओं की तैयारी के लिए लिहाज से अच्छा रहेगा।