बेदूपार के खलवा टोला में आग से जली झोपड़ी।संवाद
दो घरों में इसी महीने थी शादी, सामान जला
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीरोड। तरयासुजान थाना क्षेत्र के बेदूपार ग्राम सभा के खलवा टोला में शनिवार की दोपहर एक बजे अचानक आग लग गई। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। 14 लोगों की रिहायशी झोपड़ियां और उसमें रखा गृहस्थी का सामान जल गया। समय से फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं पहुंचने से लोगों में नाराजगी दिखी।
ग्रामीणों ने खुद के प्रयास से आग पर काबू पाया। इसके पहले छह अप्रैल को भी इस गांव में आग लगने से 41 घर जल गए थे। ग्राम प्रधान परशुराम निषाद, संजय सिंह सहित कई ग्रामीण एकत्र हो गए और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
आग लगने से लक्षण, बब्बन, सोमारी, बृज, गया, अमरजीत, राजेश, गिरिराज, श्यामसुंदर, सुखल, सुदर्शन, विरेंद्र, भरत व अर्जुन सहित 14 लोगों की रिहायशी झोपड़ियां और उसमें रखे सामान जलकर नष्ट हो गए। लक्षण व बब्बन के वहां इसी माह 18 व 26 अप्रैल को लड़के की शादी थी। इनके घरों का पूरा सामान जल गया। मौके पर पहुंचे प्रभारी राजस्व निरीक्षक विनोद कुमार गौतम व हल्का लेखपाल मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और क्षति का आंकलन किया तथा अपनी रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी।