ट्रक पर लदे 14 पशु मुक्त, भाग निकले तस्कर
ट्रक पर लदे थे कुल 16 गोवंशीय पशु, दो की हो गई थी मौत
अमर उजाला ब्यूरो
पटहेरवा। फोरलेन पर महुअवा गांव के सामने पटहेरवा पुलिस ने घेराबंदी कर बिहार की तरफ जा रहे ट्रक को पकड़ा। इस ट्रक पर 16 गोवंशीय पशु लदे थे जिनमें से दो की मौत हो चुकी थी। पुलिस टीम को देखकर ट्रक चालक व पशु तस्कर गाड़ी छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम व गो वध निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है।
बुधवार सुबह एसओ हरेंद्र मिश्र को सूचना मिली कि गोवंशीय पशुओं से भरा ट्रक बिहार की तरफ जा रहा है। एसओ की अगुवाई में एसआई ब्रजेश मिश्र, राजेश कुमार यादव व पुलिस कर्मी अभिनव पासवान, मुन्ना आदि ने काजीपुर के पास ट्रक को रोकने का प्रयास किया। चालक गाड़ी लेकर भागा और महुअवा गांव के सामने ट्रक छोड़कर भाग निकला। पीछा कर रही पुलिस ने ट्रक की जांच की तो उसमें गोवंशीय पशु लदे थे। क्रेन से खींचकर ट्रक को थाने लाया गया। ट्रक में कुल 16 पशु लादे गए थे जिनमें से दो की मौत हो गई थी। एसओ ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेते हुए 14 पशुओं को मुक्त कराया गया। दो मृत पशुओं के शव को दफन करा दिया गया। इस मामले में अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ पशु क्रूरता व गोवध निवारण की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।