गोड़रिया। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के चाफ गांव के रास्ते शुक्रवार के रास्ते बिहार ले जाने की आशंका में लोगों ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना पर आई पुलिस सात बाइक पर लदे 14 बोरी यूरिया बरामद कर थाने ले गई। कार्रवाई का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस की सूचना पर आई कृषि विभाग के अधिकारी जांच में जुटे हैं।
जानकारी के अनुसार सात बाइक पर कुल 14 बोरी यूरिया लादकर बिहार की ओर ले जाया जा रहा था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी बाइक और यूरिया खाद को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। क्षेत्र के लोग यूरिया की कालाबाजारी की आशंका जता रहे हैं। इस संबंध में तमकुहीराज एसडीएम आकांक्षा मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए सभी लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मामले की सूचना कृषि विभाग को भी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि कृषि अधिकारी को मौके पर बुलाया गया था। इस संबंध में जिला कृषि अधिकारी एसके सिंह ने बताया कि सात बाइक पर 14 बोरी यूरिया बरामद होने की सूचना मिली है। मौके पर जा रहा हूं। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।