ट्रैक फंसने से खड्डा स्टेशन पर दो घंटे रुकी अवध एक्सप्रेस
खड्डा। गोरखपुर-नरकटियागंज रेलखंड के छितौनी-बगहा रेल सह सड़क पुल पर बुधवार को रेल पटरी दुरुस्त की जा रही थी। इससे अवध एक्सप्रेस खड्डा रेलवे स्टेशन पर दो घंटे खड़ी रही। जिसके चलते यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
छितौनी-बगहा रेल सह सड़क पुल पर बीते कई दिनों से रेल पटरी बदले जाने समेत अन्य खामियां दुरुस्त करने का कार्य चल रहा है। इसके वजह से बुधवार को ट्रैक फंसे होने के चलते बांद्रा टर्मिनस से चलकर मुजफ्फरपुर जाने वाली अवध एक्सप्रेस खड्डा रेलवे स्टेशन पर करीब दो घंटे खड़ी रही। यह ट्रेन दोपहर बाद चार बजे आई आई और शाम छह बजे खड्डा रेलवे स्टेशन से अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान कर सकी। उधर वाल्मिकी नगर रोड रेलवे स्टेशन पर सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस अप करीब एक घंटे खड़ी रही। रेल लाइन दुरुस्त होने के बाद सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस पांच बजे के स्थान पर एक घंटे लेट से खड्डा रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेनों के विलंबित होने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इस संबंध में सहायक स्टेशन अधीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि छितौनी-बगहा रेल सह सड़क पुल पर लाइन दुरुस्त किया जा रहा है। इसके चलते अवध एक्सप्रेस खड्डा में लगभग दो घंटे खड़ी रही। इसे शाम छह बजे रवाना किया गया।