स्कूल बस की चपेट में आने से बालक की मौत
दो भाई, दो बहनों में तीसरे नंबर का था इरफान
बेटे की मौत से गमगीन थे परिजन
पिपरा बाजार। रामकोला थाना क्षेत्र के भुईसोहरा गांव में सोमवार को स्कूल बस की चपेट में आने से बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके पर ही बस छोड़ कर भाग गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर रामकोला पुलिस और डॉयल 100 टीम मौके पर पहुंच गई। भुईसोहरा गांव निवासी मुस्लिम का दस वर्षीय पुत्र इरफान साइकिल से कहीं जा रहा था। उसी दौरान गांव में बच्चों को छोड़ने विपरीत दिशा से आ रही एक स्कूल बस ने साइकिल सवार इरफान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में साइकिल सवार इरफान की मौके पर ही मौत हो गई। जब तक लोग मौके पर पहुंचते, तब तक चालक बस वहीं छोड़ कर भाग निकला। बाद में सूचना पर रामकोला थाने की पुलिस और 100 नंबर टीम मौके पर पहुंच गई। गांव वालों ने बताया कि इरफान के पिता मुस्लिम रोजगार के सिलसिले में महाराष्ट्र गए हैं। परिवार के सदस्यों मुस्लिम को घटना की सूचना दी। मुस्लिम की चार संतानें हैं। जिसमें दो बेटियां बड़ी हैं। दो बेटों में इरफान बड़ा था और गांव में ही संचालित एक मदरसे में पढ़ता था। बेटे की मौत से पूरा परिवार गमगीन था। गांव के लोग भी घटना से दुखी थे। एसआई रामेश्वर यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।