कुशीनगर। बढ़या बुजुर्ग गांव के देऊर टोला के उपभोक्ताओं ने सोमवार को भिस्वा मठवालगिरी विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। उसके बाद विद्युत कर्मियों को बाहर निकालकर उपकेंद्र पर ताला लगा दिया। नाराज उपभोक्ताओं का कहना था कि उन्हें एक दिन में मात्र पांच घंटे ही बिजली मिल रही है।
सुकरौली विकास खंड के बढ़या बुजुर्ग गांव के देऊर टोला से आए इन उपभोक्ताओं का कहना था कि विभाग की ओर से लगवाया गया 25 केवीए का ट्रांसफार्मर पिछले तीन माह में नौ बार जल चुका है। इस समय भी वह ट्रांसफार्मर जला पड़ा है। बिजली विभाग उसे ठीक नहीं करा रहा है।
गांव के उपभोक्ताओं ने सोमवार को दिन के करीब 11 बजे उपकेंद्र पर पहुंचकर बिजली विभाग के खिलाफ जम कर नारेबाजी की। उसके बाद सभी कर्मचारियों को उपकेंद्र से बाहर निकाल कर गेट पर ताला लगा दिया। कर्मचारियों ने इसकी सूचना फोन से एसडीओ को दी। इसके बाद बिजली विभाग के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को कसया बुलाया और 63 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर दो दिन में लगाने का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया। प्रदर्शन और तालाबंदी करने वालों में देऊर टोला के रहने वाले अर्जुन पटेल, आशुतोष गुप्ता, संजय पटेल, डॉ. संजय विश्वास, विकास, दीपक पटेल, ओमप्रकाश चौधरी, महेंद्र चौधरी, आनंद पटेल सहित कई लोग शामिल थे।