कुशीनगर। थाना क्षेत्र के एक गांव से बीते 18 अगस्त को लापता किशोरी के पटना में होने की खबर मिली है। इस मामले में पुलिस एक युवक से पूछताछ भी कर रही थी। किशोरी को वापस लाने के लिए घरवालों को पटना भेजा गया है।
एक व्यक्ति ने गांव के ही एक युवक पर अपनी नाबालिग बेटी को बहला फुसलाकर गायब करने का आरोप लगाते हुए रामकोला थाने में तहरीर दी थी। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी युवक को बुलाकर पूछताछ शुरू की। इसी दौरान एसओ के सीयूजी नंबर पर पटना से फोन आया। उसने एसओ को बताया कि पटना में दो दिन पहले एक किशोरी मिली है, जिसने रामकोला थाना क्षेत्र के होने की बात बताई है। किशोरी के वहां होने की सूचना पर रामकोला एसओ ने पीड़ित पक्ष को बुलाकर इसकी जानकारी देते हुए पटना भेजा।
एसओ अजय कुमार सिंह का कहना था कि यह मामला पहले से संदिग्ध लग रहा था। जिस युवक पर आरोप लगाया गया था, वह निर्दोष लग रहा था। किशोरी को वापस लाने के लिए उसके पिता को पटना भेजा गया है।