मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के नाहर छपरा गांव में सोमवार सुबह अज्ञात कारणों से लगी आग से 13 लोगों की झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। पछुआ हवा के कारण आग इतनी विकराल हो गई कि कोई भी व्यक्ति सामान नहीं निकाल सका।
लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची और आग पर काबू पाया। आग लगने से अनाज, कपड़े, बर्तन सहित गृहस्थी के सामान जल गए।
सुबह करीब साढ़े 11 बजे अचानक एक बांस की कोठी में आग लगी। हवा तेज होने के कारण बगल की झोपड़ी में आग पकड़ ली और देखते ही देखते श्याम चौहान, गुड्डू चौहान, उग्रिम, रामबेलाश, हीरालाल, लाल प्रकाश, त्रिलोकी, ओमप्रकाश, जयप्रकाश, सुखल, रामदुलारे, फूलपती, शिवबालक सहित 13 लोगों की आवासीय और गैरआवासीय झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। सूचना पर काफी मशक्कत के बाद दमकल के कर्मचारियों ने आग को बुझाया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामप्रताप कुशवाहा ने बताया कि कुल 13 लोगों की आवासीय और गैरआवासीय झोपड़ियां जल गई हैं। लेखपाल को सूचना दी गई है।