हाफ मैराथन में राजकिशोर व काजल अव्वल
शहीदों का सम्मान देश का सम्मान : एसडीएम
फोटो है।
अमर उजाला ब्यूरो
तुर्कपट्टी। फाजिलनगर क्षेत्र के गांव सोहंग में शहीदों के सम्मान में रविवार को दूसरे दिन हुई हाफ मैराथन प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग से राजकिशोर रावत व महिला वर्ग से काजल पासवान को प्रथम स्थान मिला। विजयी प्रतिभागियों को ट्राफी देकर पुरस्कृत किया गया।
हाफ मैराथन को सपा जिलाध्यक्ष इलियास अंसारी व हियुवा जिला संयोजक चंद्रप्रकाश चमन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पुरुष वर्ग के छह किलोमीटर दौड़ में कुल 200 धावकों ने प्रतिभाग किया। इसमें तरूवनवा के राजकिशोर रावत को प्रथम, देवरिया जिले के रामबृक्ष यादव द्वितीय व कप्तानगंज के राजन यादव को तृतीय स्थान मिला। महिला वर्ग के तीन किलोमीटर दौड़ में देवरिया जिले की काजल पासवान प्रथम, बंजरिया की शिखा गुप्ता द्वितीय व पूजा तृतीय स्थान पर रहीं। प्रथम स्थान लाने वाले प्रतिभागियों को साइकिल व नकद पुरस्कार दिया गया। एसडीएम कसया प्रमोद कुमार तिवारी ने कहा कि शहीदों के सम्मान में इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन करना सराहनीय है। इससे क्षेत्र के प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिलेगा और आगे चलकर वह क्षेत्र, प्रदेश व देश का नाम रौशन करेंगे। सपा जिलाध्यक्ष इलियास अंसारी ने कहा कि इस आयोजन से क्षेत्र के युवाओं में एक नई ऊर्जा का संचार होगा। इससे उन्हें और बेहतर करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम को प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार सिंह, पुरुषोत्तम गुप्ता, छात्रसंघ अध्यक्ष सत्यम शुक्ला, विनय तिवारी, राणाप्रताप सिंह, अवधेश सिंह, अनिल कुमार निर्मल आदि ने भी संबोधित किया। इस दौरान डॉ. संजय यादव, डॉ. आरके कुशवाहा, नरेंद्र सिंह, मकबूल, सुभाष सिंह, राणाप्रताप मिश्रा, धैर्य सिंह, पृथ्वीराज सिंह, हरिकेश यादव, राजकुमार सिंह, अंशुमान त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।