खड्डा (कुशीनगर)। लो वोल्टेज व अघोषित बिजली कटौती झेल रहे खड्डा क्षेत्र के नागरिकों को राहत मिलने वाली है। विद्युत विभाग एक करोड़ की लागत से खड्डा क्षेत्र के जर्जर हो चुके बिजली के तारों को बदलने जा रहा है। यह बातें गुरुवार को मुख्य अभियंता के नेतृत्व में 15 सदस्यीय टीम खड्डा एरिया का निरीक्षण की और तार और पोल बदलने की योजना बनाई। पिछले चार माह से खड्डा कस्बा और आस-पास के एरिया में तीन से चार घंटे बिजली मिल रही थी, जिसकी लगातार शिकायत प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के पास भी की जा रही थी। जिस पर मंत्री ने अफसरों को आदेश दिया था कि खड्डा जाकर हालात की जायजा लें। मंत्री के निर्देश पर खड्डा पहुंचे मुख्य अभियंता अनिल वर्मा व अधीक्षण अभियंता प्रशासन एके पांडेय ने बताया कि खड्डा क्षेत्र में बिजली 70 किलोमीटर दूर राजापाकड़ से आती है। यह तार व पोल भी जर्जर हो चुके हैं। यही कारण है कि इस क्षेत्र में ब्रेकडाउन व लो वोल्टेज की समस्या हमेशा बनी हुई है। कस्बा के जर्जर तार व पोल बदलने के लिए तत्काल 7 किलोमीटर नई एलटी लाइन व ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य किया जाएगा। जिसका कार्य इसी सप्ताह शुरू करा दिया जाएगा।
वहीं इसके साथ ही खड्डा से भैंसहां आदि गांवों को डबल फेल लाइन जाती है, जिसे बढ़ाकर थ्री फेज लाइन की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में 30 नए व 30 पुराने ट्रांसफार्मरों से क्षमता वृद्धि करने, 33 किलोमीटर नए तार लगवाने और कुर्मीपट्टी में नए उपकेंद्र को शीघ्र बनाया जाएगा। इस दौरान विधायक जटाशंकर त्रिपाठी, सर्किल आफिसर विनोद सिंह, भाजपा नेता आलोक तिवारी, गन्ना परिषद के अध्यक्ष सुप्रियमय मालवीय, मनोज जायसवाल, अमर जायसवाल, प्रिंस मद्धेशिया, अखिलेश उपाध्याय, अंजनी शुक्ला, चंद्रप्रकाश तिवारी, विद्युत विभाग के एसडीओ और जेई आदि मौजूद थे।