कुशीनगर। रामकोला कस्बा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में बुधवार को टेंडर के जरि चावल, आटा सहित अन्य खाद्य सामग्री मंगाई गई। वार्डेन व लेखाकार ने उसकी क्वालिटी देखने के बाद रिसीव किया। एसडीएम कप्तानगंज ने इस खाद्यान्न की गुणवत्ता की जांच के बाद ही प्रयोग का निर्देश दिया है।
कप्तानगंज एसडीएम त्रिभुवन ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय रामकोला को गोद लिया है। बीते सोमवार को एसडीएम ने इस विद्यालय का निरीक्षण किया था। इस दौरान खराब खाद्य सामग्री समेत परिसर में व्यवस्था भी ठीक नहीं मिली। एसडीएम की रिपोर्ट के आधार पर डीएम आंद्रा वामसी ने सख्त कार्रवाई का आदेश दिया था। बीएसए हेमंत राव ने वार्डेन व लेखाकार का वेतन रोकते हुए खाद्यान्न की गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया था।
मंगलवार को एसडीएम के निर्देश पर परिसर की सफाई कराई गई थी। बुधवार को यहां खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने वाली फर्म की तरफ से बढ़िया क्वालिटी के चावल, आटा, तेल, बेसन आदि सामान पहुंचाए गए। वार्डेन व लेखाकार ने अपनी देखरेख में सामान की गुणवत्ता व मात्रा देखकर इसे स्टोर में रखवाया। इस संबंध में एसडीएम त्रिभुवन ने कहा कि जल्द ही इस विद्यालय की व्यवस्था बदली हुई नजर आएगी। छात्राओं को उच्च गुणवत्ता युक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।