कुशीनगर। क्षेत्र के गौरी जगदीश गांव के यादव टोला निवासी एक आठ वर्ष के बच्चे की इंसेफेलाइटिस से मौत हो गई, जबकि इसी इलाके के बतरौली धुरखड़वा गांव के एक बच्चे को इंसेफेलाइटिस की चपेट में आने पर डॉक्टर ने सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
गौरी जगदीश गांव के यादव टोला निवासी राजराज यादव का आठ वर्षीय पुत्र कल्लू को कई दिन से बुखार हो जा रहा था। बुधवार को तेज बुखार हो जाने पर उसे दुदही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया। यहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान बुधवार की शाम उसकी मौत हो गई। डॉक्टर ने बच्चे की मौत की वजह इंसेफेलाइटिस बताया।
उधर, दुदही क्षेत्र के ही बतरौली धुरखड़वा गांव निवासी जयराम के दस वर्षीय पुत्र छोटेलाल को भी दस दिन से बुखार आ रहा है। बुखार ठीक न होने पर परिवार के लोग उसे दुदही सीएचसी ले आए, जहां डॉक्टर ने उसे इंसेफेलाइटिस से ग्रस्त बताया। दुदही सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एके पांडेय ने बताया कि बच्चे को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।