कुशीनगर। प्रदेश के ग्रामीण अभियंत्रण विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र उर्फ मोती सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को औरंगजेब की परंपरा का बताया। बसपा सुप्रीमो मायावती पर भी निशाना साधते हुए उन पर दलितों को बेचने का आरोप लगाया।
जिले के प्रभारी मंत्री बृहस्पतिवार की सुबह कुशीनगर में विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर सीधा निशाना साधा। कहका कि जो अपने पिता का नहीं हुआ, वह प्रदेश की जनता का भला क्या करेगा। वहीं बसपा सुप्रीमो मायावती पर दलितों और बौद्ध अनुयायियों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मायावती ने राजनीतिक स्वार्थ के लिए इन लोगों को बेच दिया। अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मंत्री ने कहा कि विभागों में ई-टेंडिरिंग व्यवस्था लागू होने से ठेकेदारी की दबंगई पर लगाम लगेगा। अब बंदूक की नोंक पर गुंडे ठेका नहीं ले सकेंगे। प्रदेश में अपराध के बढ़ते ग्राफ के सवाल पर उनका कहना था कि प्रदेश से अपराध और गुंडाराज खत्म करना सरकार की प्राथमिकता है। सरकारी विभागों में अनियमितता और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगानेे के लिए कारगर नीतियां बनाई जा रही हैं। चौदह वर्ष से कायम अपराध को दूर करने में कुछ वक्त लगेगा। अपराध रोकने के लिए जनता के सहयोग की भी जरूरत है। उन्होंने कहा कि जीएसटी लागू होने से टैक्स चोरी रुकेगी। प्रदेश सरकार ने एजीटी की सिफारिश पर अवैध बूचड़खानों को बंद कराया है। प्रदेश सरकार गरीब, किसान, नौजवान व विद्यार्थियों के विकास के लिए योजना बना रही है। मंत्री ने खनन की प्रभावी और पारदर्शी नीति बनाने की बात कहते हुए जल्दी ही इसके क्रियान्वयन की बात कही। इसके अलावा कुशीनगर को अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट व रेल पथ से जोड़ने तथा 140 करोड़ की लागत से स्टेडियम निर्माण की बात भी कही।
इस मौके पर सांसद राजेश पांडेय, विधायक रामकोला रामानंद बौद्ध व खड्डा विधायक जटाशंकर त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष जयप्रकाश शाही, महामंत्री मारकंडेय शाही आदि मौजूद रहे।