मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बांसी पुलिस चौकी पुलिस ने शराब तस्करी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए डीसीएम ट्रक में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही हरियाणा निर्मित 120 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब और वाहन की कुल कीमत लगभग 28 लाख रुपये आंकी गई है। बुधवार को कोतवाली पडरौना पुलिस ने बांसी चौकी के सामने से कूटरचित नंबर प्लेट लगे डीसीएम ट्रक को रोककर तलाशी ली, जिसमें शराब की खेप छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने मौके से मनोज पुत्र हवा सिंह निवासी ग्राम उदेवीपुर, थाना गनौर, जिला सोनीपत (हरियाणा) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसका एक संगठित गिरोह है, जो हरियाणा से सस्ती दरों पर शराब खरीदकर ट्रकों में छिपाकर बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचता है।