पडरौना(कुशीनगर)। लखनऊ में फ्लैट आवंटन के नाम पर 12 लाख रुपये की ठगी और फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर ने पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
खड्डा थाना क्षेत्र के अहिरौली पनियहवा रोड निवासी राजकुमार मल्ल की ससुराल पडरौना शहर में है। वह शहर के दरबार रोड निवासी मनीष कुमार सोनी के पास अक्सर आते जाते थे। मनीष के माध्यम से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रोड निवासी श्याम नारायण पाठक उर्फ अमिताभ पाठक और इनकी पत्नी अर्चना पाठक से मुलाकात हुई। आरोपी श्याम नारायण पाठक ने राजकुमार मल्ल को लखनऊ में सस्ते में फ्लैट उपलब्ध कराने को कहा। दोनों में बातचीत के बाद राजकुमार मल्ल, इनकी पत्नी गरिमा मल्ल, शहर के दीपक कुमार वर्मा और आशीष कुमार वर्मा ने मिलकर वर्ष 2015 में श्याम नारायण पाठक को करीब सात लाख रुपये दिए। इसके अलावा करीब पांच लाख रुपये अलग-अलग तिथियों में श्याम नारायण पाठक के खाते में ट्रांसफर किए गए।
काफी समय बीत जाने के बाद भी फ्लैट आवंटित नहीं हुआ। पूछताछ करने पर आरोपी टालमटोल करने लगा। जब उच्च अधिकारियों से शिकायत की बात कही गई तो 24 नवंबर 2025 को पडरौना में बुलाकर आवास विकास प्राधिकरण का कथित फ्लैट आवंटन पत्र दे दिया गया। पीड़ितों ने अगले दिन दस्तावेज की सत्यता की जांच कराई तो आवंटन पत्र फर्जी और कूटरचित निकला। आरोप है कि श्याम नारायण पाठक और उसकी पत्नी अर्चना पाठक ने मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर करीब 12 लाख रुपये हड़प लिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। कोतवाल ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि श्याम नारायण पाठक और इनकी पत्नी अर्चना पाठक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है।