नगर पालिका हाटा क्षेत्र के एक मुहल्ले में प्रेमी युगल के चेहरे पर कालिख पोत कर घुमाने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी शुरू हो गई है। हाटा कोतवाली पुलिस ने आरोपी सभासद प्रतिनिधि समेत 12 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बुधवार को एक प्रेमी युगल का वीडियो वायरल हुआ था। पंचायत के हुक्म पर इस प्रेमी युगल के चेहरे पर कालिख पोतकर घुमाने का मामला सार्वजनिक होते ही हाटा कोतवाली पुलिस ने चौकीदार की तहरीर पर पुलिस ने अनुचित ढंग से भीड़ जुटाने, स्त्री की मर्यादा भंग करने व आपदा प्रबंध अधिनियम समेत अन्य धाराओं में छह नामजद व 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था।
एसपी विनोद कुमार मिश्रा ने इस प्रकरण में सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई का निर्देश दिया था। इसके बाद बुधवार की रात ही आरोपी सभासद प्रतिनिधि हामिद अंसारी के अलावा कमालुद्दीन, मजीद, अनवर, शौकत, जुमराती, दाउद अंसारी, हलीम, रफीक, खुर्शीद, औरंगजेब और मनौवर अंसारी को हिरासत में लिया था। पूछताछ व मेडिकल परीक्षण के बाद इन सभी को बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया गया।
कोतवाल ज्ञानेंद्र राय ने बताया कि प्रेमी युगल को पकड़ कर सार्वजनिक रूप से उनका अपमान करने और उनके साथ अमानवीय व्यवहार करने के मामले में चौकीदार की तहरीर पर बुधवार को मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में उस मुहल्ले के सभासद प्रतिनिधि समेत 12 लोगों को जेल भेजा गया है। अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।