एप्रोच मार्ग नही बनने से नाव से पार करते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
रामकोला। छोटी गंडक के सुअरहा घाट पर दस करोड़ रुपये की लागत से बना पुल एप्रोच के अभाव में बेकार पड़ा है। आस पास के गांवों के लोगों को नदी पार करने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता है। क्षेत्र के लोगों ने एप्रोच जल्द बनवाने की मांग की है। सपा के शासनकाल में तत्कालीन विधायक पूर्णमासी देहाती के प्रयास से सुअरहा घाट पर 10 करोड़ रुपये की लागत का पुल स्वीकृत हुआ था। ताकि रामकोला-कप्तानगंज मार्ग से विशुनपुरा होते हुए बड़हरा बाबू, रापुर बगहां, दीक्षित टोला, चौहान टोला, नुनिया टोला, रामपुर खास सहित अन्य गांवों के लोगों को जान जोखिम में डालकर नाव से नदी पार न करना पड़े। पुल और उसका एप्रोच डेढ़ वर्ष में बन जाना था, लेकिन समयावधि बीत जाने के बाद भी निर्माण पूरा नहीं हुआ।
रामपुर बगहां के प्रधान प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह ने बताया कि यदि पुल का एप्रोच बन गया होता तो क्षेत्र की जनता को काफी राहत मिल जाती। सेतु निगम के जेई लालसाहब ने बताया कि पुल बनकर तैयार है। एप्रोच के अभाव में आवागमन शुरू नहीं हो पाया। वहीं क्षेत्रीय विधायक रामानंद बौद्ब ने बताया कि पुल का निरीक्षण करने के बाद लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन से एप्रोच जल्द बनवाने की मांग की गई है, जिससे यातायात शुरू हो सके।