उप्र मदरसा बोर्ड की परीक्षा में पंजीकृत हैं कुल 7132 परीक्षार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। उप्र मदरसा शिक्षा परिषद लखनऊ की तरफ से संचालित सेकेंड्री, सीनियर सेकेंड्री, कामिल और फाजिल की परीक्षा दूसरे दिन बृहस्पतिवार को सकुशल सम्पन्न हुई। इस परीक्षा में कुल 7132 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। परीक्षा के दूसरे दिन दोनों पालियों में कुल 113 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
बृहस्पतिवार को प्रथम पाली में मुंशी व मौलवी के दिनियात अरबी अदब, फ़ारसी अदब विषय की परीक्षा हुई। इसमें कुल 236 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 133 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 103 परीक्षार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे।
इसीतरह द्वितीय पाली की परीक्षा में आलिया व कामिल के अरबी अदब व फ़ारसी अदब की परीक्षा हुई। इसमें कुल 95 पंजीकृत थे। इसमें से 85 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 10 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
जिला विद्यालय निरीक्षक की तरफ से गठित सचल दस्ता टीम के मनौवर अली ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मदरसा बोर्ड की दूसरे दिन की परीक्षा जिले में शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो गई। किसी भी केंद्र पर अनुचित साधन के प्रयोग के संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हुई।