रात से गुल रही बिजली, सुबह दोपहर में शुरू हुई आपूर्ति
अमर उजाला ब्यूरो
तमकुहीरोड। ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी गड़बड़ी और जगह-जगह तार टूटने से बुधवार को आधी रात से बृहस्पतिवार दोपहर तक सेवरही कस्बे के आधे हिस्से की बिजली गुल रही। सुबह लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ा।
सेवरही कस्बे को दो भागों में विभक्त कर दो फीडरों से विद्युत आपूर्ति की जाती है। बुधवार की रात पुरानी पुलिस चौकी चौराहे का 250 केवीए का ट्रांसफार्मर खराब हो गया। इसकी मरम्मत के दौरान ही बिजली आ जाने से प्राइवेट मिस्त्री झुलस गया। उसका उपचार गोरखपुर में चल रहा है। इसके चलते तीन घंटे तक कस्बे की आपूर्ति बाधित रही। इसे ठीक कर बिजली आपूर्ति चालू हुई, लेकिन दो घंटे बाद फिर कई जगह तार टूट जाने से कस्बे के आधे हिस्से की बिजली गुल हो गई। लोग रातभर बिजली का इंतजार करते रहे। बिजली न आने से बृहस्पतिवार को सुबह पानी के लिए जूझना पड़ा। दोपहर में तकनीकी गड़बड़ी दूर कर आपूर्ति बहाल की गई, तब जाकर लोगों को राहत मिली। एसडीओ धर्मेंद्र कुमार मल्ल का कहना है कि सभी ट्रांसफार्मर की कमियों को दूर किया जाएगा। इसके अलावा जर्जर तारों को बदला जाएगा, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित न हो।
तीन दिन से 20 गांवों में बिजली ठप, ग्रामीण परेशान
तमकुहीराज। ट्रक की टक्कर से राजापाकड़ फीडर के पास चार पोल टूट कर गिर जाने से क्षेत्र के 20 से अधिक गांवों की सप्लाई तीन दिनों से ठप है। गर्मी में लोग बेहाल हैं। जलापूर्ति भी बाधित हो जाने से सबसे अधिक दिक्कत घरेलू महिलाओं को हो रही है। बच्चे, नौकरी पेशा और किसान भी परेशान हैं।
तीन दिन पूर्व अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से गुरूवलिया विद्युत उपकेंद्र के राजापाकड़ फीडर की एचटी लाइन के चार पोल टूट कर गिर गए थे। पकड़ी गोसई, सेमरा हर्दो पट्टी, बसंतपुर, सेमबारी, पगरा पड़री, पगरा प्रसाद गिरि, राजा बसंतपुर, नौगावां, रामलगन राय समेत 20 गांवों में बिजली नहीं होने से तीन दिन से जलापूर्ति बाधित है। भीषण गर्मी में लोग परेशान हैं। सबसे अधिक परेशानी घरेलू महिलाओं व बच्चों को हो रही है। ग्रामीण रमाशंकर कुशवाहा, पप्पू कुशवाहा, रामअशीष, ओमप्रकाश, रमाकांत राय, अभिमन्यु पांडेय, ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, अनिरुद्ध सिंह, नगनरायन सिंह आदि ने बताया कि अभी नए पोल नहीं लग पाने से बिजली की सप्लाई ठप है। करीब 20 गांवों के लोग परेशान हैं। लोगों ने बिजली निगम के अधिकारियों से जल्द से जल्द आपूर्ति कराने की मांग की है।