मंत्री के गोद लिए स्कूल में अतिक्रमण
- शिकायत पर निरीक्षण करने पहुंचे डीएम, कब्जा हटवाने का दिया निर्देश
- जलभराव की भी मिली समस्या, नालियों की जल्द सफाई का आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। कैबिनेट मंत्री व सदर विधायक स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा गोद लिए जाने के बावजूद सोहरौना स्थित प्राथमिक विद्यालय बदहाली का दंश झेल रहा है। विद्यालय में साफ-सफाई की व्यवस्था बदहाल है। बारिश में स्कूल परिसर में पानी लग जाता है। वहीं, कुछ लोगों के विद्यालय की जमीन पर अतिक्रमण कर रखा है।
स्कूल की दयनीय दशा की जानकारी मिलने पर डीएम डॉ. अनिल कुमार सिंह बृहस्पतिवार को विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे। वहां स्कूल के बारे में मिली सारी शिकायतें सही मिलीं। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रौशनी ने लिखित रूप से स्कूल की समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए और जिला पंचायतीराज अधिकारी राघवेंद्र द्विवेदी को आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया।
जिलाधिकारी स्कूल परिसर में अतिक्रमण से काफी खफा दिखे। उन्होंने कोतवाली के सिटी इंचार्ज जगमोहन राय को यथाशीघ्र अवैध कब्जा हटवाने का निर्देश दिया। डीएम ने अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी को भी आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। उधर, डीपीआरओ ने कहा कि जल निकासी के बाद राबिस गिरवा कर इंटर लॉकिंग का कार्य पूरा करा लिया जाएगा। नालियों की सफाई का कार्य भी कराया जाएगा, ताकि जलजमाव की समस्या दूर हो सके।