पिपराबाजार (कुशीनगर)। मोतीपुर ग्राम पंचायत में पात्र गृहस्थी की सूची तैयार करने में धांधली किए जाने की शिकायत है। इस गांव के व्यवसायी, शिक्षा मित्र, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, विभाग के पेंशनर और वेतनभोगी कर्मचारी की पत्नी भी इस योजना के लिए चयनित कर ली गई हैं। इसके अलावा विदेश में रह रहे कुंवारे नौजवान की बीवी तक को सूची में शामिल कर दिया गया है। इस मामले में उच्चाधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई है। विशुनपुरा ब्लॉक के मोतीपुर गांव के निवासी रामनाथ के नाम से अंत्योदय कार्ड जारी है। रामनाथ ग्राम प्रधान के पति हैं। इसी गांव के किशोर चौहान के पुत्र उमेश विदेश में हैं। गांव में किसी को उमेश की शादी का पता तक नहीं, लेकिन पात्र गृहस्थी की सूची में पत्नी का नाम है। अंजनी इंजीनियर और अविवाहित होते हुए भी पात्र गृहस्थी में हैं।
शेषनाथ की पत्नी मीरा,पुष्पा के पति मनोज शिक्षा मित्र तो कौशल्या और सुनीता आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। मालती के पति टेंट हाउस और बिजली सजावट का कारोबार करते हैं, फिर भी इन सभी का नाम पात्र गृहस्थी की सूची में शामिल किया गया है।
इनके अलावा गांव के फूल वदन कृषि विभाग में कार्यरत हैं, लेकिन जिम्मेदारों की कृपा से उनकी पत्नी सुबासी का नाम पात्र गृहस्थी सूची में है। सदीक और विदेशी कोल फील्ड में सर्विस करते थे। विदेशी नहीं हैं,लेकिन उनकी विधवा हेमा को पेंशन मिलती है। हेमा और सदीक की बीवी भी पात्र गृहस्थी सूची में दर्ज हैं।
गांव के लोगों का कहना है कि निष्पक्षता से जांच हो जाए तो इस तरह के कई मामले उजागर हो जाएंगे। इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से कर दी गई है। इस संबंध में एसडीएम सदर अजय नारायण सिंह का कहना है कि प्रकरण की जांचकर कार्रवाई की जाएगी।