कुशीनगर। नगर पालिका व तहसील मुख्यालय होने के बाद भी हाटा कस्बे में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेहद खराब हो गई है। कस्बे में बमुश्किल 10 घंटे ही सप्लाई मिल पा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पांच से छह घंटे ही बिजली सप्लाई हो रही है। कस्बे में मंगलवार की पूरी रात बिजली नहीं आई। जिसके चलते लोग आधी रात तक सड़क पर टहलकर वक्त बिताते रहे।
सरकार ने तहसील मुख्यालयों को 20 घंटे बिजली आपूर्ति की बात कही है। इससे हाटा कस्बे के लोग खुश थे, लेकिन आपूर्ति की स्थिति से लोग बेहद परेशान हैं। आपूर्ति के लिए कोई रोस्टर नहीं रह गया है। लोकल फाल्ट के नाम पर कभी भी बिजली कट जाती है। मंगलवार की पूरी रात कस्बे में बिजली नहीं आई। भीषण गर्मी के कारण लोगों को आधी रात सड़क पर टहल कर वक्त काटना पड़ा। उपभोक्ता उमेश कुमार का कहना है कि बिजली कटौती के चलते न तो दुकान का काम हो पा रहा है और न ही घर में सुकून मिल रहा है। पगरा गांव के पूर्व ग्राम प्रधान हरेंद्र राव का कहना है कि गांव में पांच से छह घंटे ही बिजली मिल रही है। कटौती की वजह भी अफसर नहीं बता रहे। सुनील यादव का कहना है कि बिजली आपूर्ति की जानकारी के लिए जेई या एसडीओ के सीयूजी नंबर पर फोन करने पर कोई जवाब ही नहीं मिलता।