कुशीनगर। हाटा कोतवाली के ढाढ़ा के पास मंगलवार को हुए सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। बुधवार को शव गांव आया तो कोहराम मच गया। गांव के लोग युवक की मौत से अनाथ हुए बच्चों की परवरिश को लेकर चिंतित थे।
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गांव कोरया भेलही निवासी 30 वर्षीय संजय पांडेय चंडीगढ़ में किसी प्राइवेट कंपनी में कार्य करते थे। अपने मित्र की शादी के लिए घर आए हुए थे। मंगलवार को शादी समारोह से लौटने के दौरान ढाढ़ा के पास किसी वाहन के चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हाटा सीएचसी से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने पीजीआई रेफर कर दिया। लखनऊ पहुंचने के कुछ ही देर में उनकी मृत्यु हो गई। बुधवार को लोग शव लेकर घर पहुंचे।