बिना बिजली शहर के लोगों ने गुजारी रात
11 घंटे गुल रही सप्लाई, इंवर्टर भी दे गए दगा, पानी की भी हुई परेशानी
छोटे बच्चों और बुजुर्गों की सेहत बिगड़ने का भी बढ़ा खतरा
अमर उजाला ब्यूरो
कुशीनगर। सीएम के आगमन के पूर्व पडरौना नगर में शनिवार की रात बिजली गुल हो जाने से लोगों की नींद पूरी नहीं हुई। उमस भरी गर्मी और ऊपर से मच्छरों के प्रकोप ने लोगों को खूब परेशान किया। रविवार की सुबह बिजली नहीं होने से पानी की भी समस्या खड़ी हो गई। करीब 11 घंटे बाद बिजली की आपूूर्ति हुई, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
शनिवार की रात 12 बजे के करीब अचानक शहर की बिजली गुल हो गई। गहरी नींद में सोए लोगों की उमस भरी गर्मी की वजह से नींद टूट गई। उसके बाद बिजली आने के इंतजार में छतों पर अथवा बाहर निकल कर टहलने लगे। रविवार की सुबह होते-होते घरों में लगा इंवर्टर भी दगा दे गए। पानी की आपूूर्ति नहीं होने से चीख-पुकार मच गई। प्रधानाचार्य डॉ. सुनीता पांडेय, राधेश्याम दीक्षित, मदन पांडेय, विनय पांडेय आदि ने बताया कि करीब 20 दिनों से बिजली व्यवस्था पटरी से उतर गई है। जर्जर-तार पोल की वजह से हल्की आंधी में भी पोल-तार गिर जाते हैं। इसके साथ ही ट्रांसफार्मर का जलना भी आम बात हो गई है। गिरे पोल-तार को दुरुस्त करने और जले ट्रांसफार्मर को बदलने में काफी वक्त लग रहा है। इससे उपभोक्ताओं में रोष है। आए दिन विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। लोगों ने बताया कि नौकरीपेशा, व्यापारी, मजदूर आदि रात में ठीक से सो नहीं पा रहे है। घरों की छतों और चौक-चौराहे पर लोग बैठकर बिजली आने का इंतजार कर रहे। बिजली आती भी है तो लो वोल्टेज की वजह से पंखे का हवा शरीर तक नही पहुंचती। रात में बिजली सप्लाई बराबर नहीं मिलने से दिन चर्या भी प्रभावित हो रही है। लोगों ने सीएम और डीएम से बदहाल बिजली व्यवस्था की ओर ध्यान देने की अपील की। एक्सईएन हंसराज कौशल ने बताया कि हल्की आंधी में तार टूट जाने और फाल्ट समस्या बढ़ गई है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जो बिजली जिले को मिलती है, उतनी देने की कोशिश की जाती है।
एक महीने बाद भी नहीं बदला गया जला ट्रांसफार्मर
मेहंदीगंज। क्षेत्र के अमडरिया पिपराडीह गांव में लगा ट्रांसफार्मर करीब एक माह से जला पडा है। जिसकी वजह से करीब पांच सौ घरों में अंधेरा छाया है। गांव के लोग कई बार शिकायत करके जले ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग कर चुके हैं, लेकिन बिजली विभाग की तरफ से अब तक कोई कार्रवाई नही हुई है। जिससे लोगों में नाराजगी है।गांव के लोगों ने बताया कि बिजली आपूर्ति नहीं होने से मोबाइल चार्ज करने तक की परेशानी हो रही है। लोग मजबूरी में दूसरे गांव जा कर मोबाइल चार्ज कर रहे है। लोगों ने चेताया कि शीघ्र ही जले ट्रांसफार्मर को नही बदला गया तो बड़े स्तर आंदोलन किया जाएगा। जेई संदीप मिश्रा ने बताया इस्टीमेट बनाकर भेज दिया गया है। जल्द ही ट्रांसफार्मर लगवाकर आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।
दो दिन से ठप है बिजली आपूर्ति
तमकुहीरोड। विरवट कोन्हवलिया गांव में ट्रक की ठोकर से बिजली का खंभा और तार टूट गया, जिससे गांव में दो दिन से बिजली आपूर्ति ठप्प हो गई है। उपभोक्ताओं ने टूटे तार और पोल को सही कराने की मांग की है।गांव के गौतम सिंह, बबलू प्रसाद, संजय सिंह, गुड्डू पटेल, प्रदीप सिंह, ओमप्रकाश पटेल, जयमेर सिंह, अजीत सिंह, सिंघलदीप सिंह आदि लोगों ने बताया कि गांव में बिजली नही होने से इर्न्वटर समेत बिजली से चार्ज होने वाले सभी उपरकण बैठ चुके हैं। मोबाइल दूसरे गांवों या चौराहे पर चार्ज कराकर किसी तरह कार्य चलाया जा रहा है, लेकिन बिजली नही होने से उमस भरी गर्मी में लोगों को जीना दूभर हो गया है, जिससे लोगों में काफी नाराजगी है। इन लोगों ने चेताया कि यदि शीघ्र ही इस समस्या का समाधान नही हुआ तो बिजली घर का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा।