10991 नये मतदाता पहली बार चुनेंगे चेयरमैन
नए मतदाताओं को रिझाने के लिए जनसंपर्क में जुटे संभावित प्रत्याशी
कसया। नगरपालिका परिषद कुशीनगर में नए मतदाताओ की संख्या बढ़ी है। इस बार चुनाव में 10991 नये मतदाता नगर पालिका परिषद अध्यक्ष चुनेंगे। बृहस्पतिवार की शाम निकाय चुनाव के वार्ड आरक्षण की सूची जारी होने के बाद से संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ गई है। वह अपने-अपने वार्ड में जनसंपर्क में जुट गए हैं। सबका जोर नए मतदाताओं को लुभाने पर है।
वर्ष 2017 के निकाय चुनाव की अपेक्षा इस बार चुनाव में नए मतदाताओं को पहली बार चेयरमैन चुनने का मौका मिल रहा है। बीते 2017 के निकाय चुनाव में जहां 98671 मतदाताओं ने नगरपालिका परिषद के चुनाव में मतदान किया था। वहीं इस बार निकाय चुनाव में मतदाताओं की तादाद बढ़कर 109662 हो गई है। इसमें पुरुष मतदाता 56531 और महिला मतदाता 53131 हैं। नगरपालिका परिषद में वार्डों की कुल संख्या 27 है। केंद्र की संख्या 64 और मतदान स्थल 126 हैं। नगर की जनसंख्या 2011 के अनुसार 143960 है। इस बार निकाय चुनाव के लिए 18 नवंबर 2022 की मतदाता की प्रकाशित सूची में मतदाताओं की संख्या 109662 हुई है।
नगर निकाय चुनाव में नए मतदाता बड़े पैमाने पर प्रभाव डालेंगे। इसलिए इन मतदाताओं को लुभाने की कवायद चल रही है। संभावित वार्ड सदस्य प्रत्याशी बृहस्पतिवार रात से ही नए मतदाताओं से जनसंपर्क में जुट गए हैं। सोशल मीडिया के अलावा लोगों से मिलकर वोट देने की अपील कर रहे हैं। वार्ड आरक्षण की सूची से कुछ प्रत्याशियों को राहत मिली है। हालांकि अभी कुछ इसके बदलाव की संभावना भी जता रहे हैं।