पडरौना (कुशीनगर)। पुलवामा हमले में शहीद सीआरपीएफ के जवानों की याद में गुरुवार को सेंट जेवियर्स हाईस्कूल में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के विद्यार्थियों ने पांच मिनट में एक साथ 1304 राष्ट्रीय ध्वज बनाकर ‘इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड’ में नाम दर्ज कराया। इस दौरान मौजूद ‘इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड’ से आए अधिकारी ने विद्यालय के डॉयरेक्टर डॉ. अरुण श्रीवास्तव को मेडल और प्रशस्ति पत्र दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शहीद विजय मौर्य की पत्नी विजयलक्ष्मी ने तिरंगा गुब्बारा उड़ाकर किया। छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत कर शहीदों को नमन किया। इस मौके पर विजय लक्ष्मी ने कहा कि मां भारती की सेवा में मेरे पति शहीद हो गए, यह मेरे लिए गर्व की बात है। भारत सरकार ने भी उनके बलिदान का सम्मान करते हुए भरपूर सहयोग का आश्वासन दिया है।
इसके बाद ‘इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड’ की ओर से आए विनोद कुमार सिंह की देखरेख में विद्यालय के 1304 छात्रों ने एक साथ पांच मिनट में चार्ट पेपर पर राष्ट्रीय ध्वज बनाकर कीर्तिमान स्थापित किया। सेंट जेवियर्स कप्तानगंज के डॉयरेक्टर आकाश चंद्रा ने विद्यालय के प्रयास की सराहना की। समारोह को महिला थाने की एसओ रेखा, डॉ. वीके सिंह, रवि लोहिया, डॉ. वैभव ज्योति श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया।
इस दौरान शुभेंद्र नवनीत सिंह, अश्विनी पांडेय, संजय पांडेय, कुंदन सहाय, नीरू दूबे, निलेदिता सिंह, दीपक कसौधन, फणेंद्र मिश्र, दीपक राय, अरविंद कुमार पांडेय, सुशील पांडेय, अवध गुप्ता, शैलेंद्र कुमार, अरुण कुमार, धर्मेंद्र, जयप्रकाश जायसवाल, सुनील मोदनवाल, शालिनी पांडेय, सुप्रिया पांडेय, ज्योति मिश्रा आदि मौजूद रहीं।