पडरौना/कसया। कुशीनगर के बुद्ध इंटर कॉलेज के मैदान में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर बुधवार को गोरखपुर मंडल के सेक्टर संयोजकों को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री पांच लोकसभा क्षेत्रों के सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक समेत सेक्टर संयोजकों की बैठक में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इसको लेकर तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री के सुरक्षा दल ने मंच समेत कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर सुबह साढ़े 11 बजे राजकीय विमान से कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरेंगे और सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। कार्यक्रम में कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, महराजगंज और बांसगांव के सांसद, इन क्षेत्रों के 25 विधायक, पूर्व विधायक, पांच संयोजक, प्रभारी, सभी जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, पूर्व सांसद, पूर्व जिलाध्यक्ष, सेक्टर संयोजक, सेक्टर प्रभारी, मंडल संयोजक, मंडल प्रभारी के अलावा इन क्षेत्रों के प्रदेश व क्षेत्रीय पदाधिकारी व सभी अभियानों के प्रमुख भाग लेंगे।
जिलाध्यक्ष जयप्रकाश शाही के हवाले से जिला महामंत्री मारकंडेय शाही ने बताया कि इस कार्यक्रम में संगठन के तीन हजार कार्यकर्ता भाग लेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के अलावा कार्यकर्ताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष/क्षेत्रीय प्रभारी विधायक पंकज सिंह भी संबोधित करेंगे। इस दौरान पांच लोकसभाओं के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सज्जन मणि त्रिपाठी, विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, लोकसभा संयोजक लल्लन मिश्र, संतोष सिंह, केशव उपाध्याय, प्रदीप पांडेय, सत्येंद्र मिश्र, सर्वेश पाठक आदि मौजूद रहे।