फीडर ओवरलोड, बिजली आपूर्ति लड़खड़ाई
- जनपद मुख्यालय सहित 70 से अधिक गांवों के लोग परेशान
फोटो है।
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। रविंद्रनगर उपकेंद्र का दो फीडर सोमवार को खराब हो गया, जिससे जनपद मुख्यालय के आसपास के कई गांवों में बिजली कटौती का सामना करना पड़ गया। वहीं दो फीडरों से सप्लाई तो हो रही थी, लेकिन उस पर भी अधिक ओवरलोड होने के कारण लाइन बार-बार ट्रिप कर रही थी। उपभोक्ताओं को इससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जनपद मुख्यालय पर स्थापित इस उपकेंद्र पर चार फीडर लगाए गए हैं। एक फीडर अकेले संयुक्त जिला चिकित्सालय के लिए है, लेकिन यह काफी दिनों से खराब है। इस कारण जिला अस्पताल का समूचा भार दूसरे फीडरों पर पड़ रहा है। इसके अलावा एक फीडर रविंद्रनगर टाउन के नाम से है, जबकि दो फीडर साखोपार और भटवलिया के नाम से हैं। रविंद्रनगर टाउन फीडर से जनपद मुख्यालय के सभी दफ्तर और सरकारी आवासों के अलावा छावनी पूर्वी, रफी अहमद किदवईनगर, गायत्री नगर मोहल्ला के साथ साथ ग्रामीण क्षेत्र के दमवतिया, सरकारी भिस्वा सहित आस-पास के अनेक गांवों को बिजली आपूर्ति की जाती है। इसी तरह साखोपार फीडर से 53 गांव और भटवलिया फीडर 16 गांवों को बिजली आपूर्ति की जाती है। रवींद्रनगर का टाउन फीडर ओवरलोड होने के कारण अक्सर ही खराब होता रहता है। सोमवार को दोपहर में करीब दो बजे ही यह तेज आवाज के साथ बंद हो गया था।
एसडीओ पडरौना रविंद्र पाल ने बताया कि वोल्टेज समस्या से निजात दिलाने के लिए पांच-पांच एमवीए के दो ट्रांसफॉर्मर वहां लगवाए गए हैं। लाइन ट्रिप होने की समस्या तारों से सटे पेड़ों की वजह से है। अन्य समस्याओं का समाधान भी कराया जाएगा।