गुरवलिया बाजार (कुशीनगर)।
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गांव लवकुश पूरबपट्टी के पूर्व प्रधान शनिवार शाम करीब छह बजे करंट की चपेट में आ गए। उस समय वह अपने केले के खेत में निराई कर रहे थे। परिवार के लोग उन्हें आनन फानन में फाजिलनगर सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लवकुश पूरबपट्टी निवासी 48 वर्षीय पूर्व प्रधान भरत कुशवाहा घर के पास स्थित अपने केले की बागवानी में काम कर रहे थे, तभी खेत के ऊपर से गुजर रही 440 वोल्ट का विद्युत तार टूटकर उन पर गिर पड़ा। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गए।
देर होने पर उनकी पत्नी उन्हें खोजती हुई केले की बागवनी में गईं तो भरत को जमीन पर गिरा पड़ा देखीं। उनके चीखने पर गांव के अन्य लोग दौड़कर पहुंचे और उन्हें फाजिलनगर सीएचसी ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद से उनकी पत्नी कलावती, 25 वर्षीय पुत्र मिथिलेश, 19 वर्षीय पुत्री अमृता और 17 वर्षीय पुत्री अन्नु का रो रोकर बुरा हाल है। कलावती ने थाने में तहरीर देकर बिजली विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस हादसे की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक गंगा सिंह कुशवाहा, हियुवा नेता चंद्र प्रकाश चमन, हसमुद्दीन अंसारी, विनय तिवारी, इंद्रजीत कुशवाहा और छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष राजन शुक्ल ने पीड़ित परिवार के घर जाकर ढाढस बंधाया। इस संबंध में एसओ नीरज कुमार शाही का कहना था कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।