कुशीनगर। फार्मासिस्ट संघ ने शुक्रवार को जिले के प्रभारी मंत्री को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इसमें बगैर लाइसेंस के संचालित मेडिकल स्टोर व बिना डिग्री वाले डॉक्टरों पर कार्रवाई करने तथा अन्य राज्यों की तरह यूपी में भी पीपीआर एक्ट 2015 को लागू किए जाने आदि की मांगें शामिल हैं।
संघ के जिलाध्यक्ष डॉक्टर ज्ञान प्रकाश पांडेय की अगुुवाई में फार्मासिस्टों ने जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह से मुलाकात करके मांग पत्र सौंपा। इनका आरोप था कि जिले में बगैर ड्रग लाइसेंस के ही अधिकांश मेडिकल स्टोर विभागीय अधिकारियों के संरक्षण में संचालित किए जा रहे है। जिन मेडिकल स्टोर के नाम से ड्रग लाइसेंस जारी भी किए गए हैं, उनमें अधिकांश पर फार्मासिस्ट उपस्थित नहीं रहते हैं। बिना फार्मासिस्ट के ही इस जिले में दवाओं की बिक्री हो रही है। इसके अलावा बिना डिग्री वाले डॉक्टर भी मरीजों का इलाज कर रहे हैं और उनके सहयोग से ही अवैध मेडिकल स्टोर का भी संचालन हो रहा है।
इस मौके पर डॉक्टर शंकर प्रसाद प्रजापति, डॉक्टर वशिष्ठ कुमार सिंह, डॉक्टर अजय कुमार गुप्ता, डॉक्टर सुरेंद्र प्रताप कुशवाहा, डॉक्टर मोहम्मद आमीर, डॉक्टर सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता, डॉक्टर केडी यादव, डॉक्टर संजय राय, डॉक्टर दिलीप शर्मा, डॉक्टर रामप्रताप कुशवाहा, डॉक्टर कुलदीप जायसवाल आदि मौजूद रहे।