तमकुहीराज। शनिवार की देर रात तरयासुजान पुलिस को गश्त के दौरान सफलता हाथ लगी। एक सर्राफा व्यवसाई के वहां चोरी की योजना बना रहे पांच व्यक्तियों को पुलिस ने तमकुहीराज-सिसवा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दो तमंचा, कारतूस, दो चाकू व एक बांका के साथ वाहन भी बरामद हुआ है।
तरयासुजान थाने की पुलिस तमकुहीराज कस्बे में सिसवा मोड पर रात्रि गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबीर ने सूचना दिया कि कस्बे के एक सर्राफा व्यवसाई के घर चोरी करने की कुछ लोग योजना बना रहे हैं। इस पर एसओ तरयासुजान सत्येंद्र कुंवर, एसआई नंदा प्रसाद, अखिलेश राय व सिपाहियों ने घेराबंदी कर पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें गुड्डू निवासी तिलकहवा थाना फरेंदा, इब्राहिम ग्राम तिलकहवा थाना फरेंदा, संतोष निवासी ग्राम व थाना पुरंदरपुर, मुख्तार ग्राम तिलकहवा थाना फरेंदा, बाबूलाल निवासी भैरोपुर थाना बांसगांव महराजगंज जनपद के निवासी हैं। पुलिस की तलाशी में इनके पास से 315 बोर के दो अदद तमंचे, कारतूस, तीन चाकू, एक बांका बरामद हुआ है। पुलिस ने एक लग्जरी वाहन भी बरामद किया है। पुलिस की पूछताछ में इन व्यक्तियों ने स्वीकार किया कि उस गाड़ी से चोरी की घटनाओ का अंजाम देते हैं। तमकुहीराज में कुछ दिन पहले एक वृद्घ के झोले से 40 हजार रुपए निकालने की भी बात स्वीकार किया। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर उन सभी को जेल भेज दिया।