कुशीनगर। विशुनपुर ब्लॉक के पटेरा खुर्द गांव में लोगों की शिकायत पर कोटेदार सील दुकान से दो दिन से राशन वितरण कर रहा है। इसको लेकर कोटेदारों में तरह-तरह की चर्चा है। मामले की शिकायत डीएसओ तक पहुंची तो उन्होंने इसकी जांच कराकर कार्रवाई की बात कही।
बीते नौ जुलाई को गांव में पर्यवेक्षक मनोज कुमार की मौजूदगी में राशन बांटा जा रहा था। कार्डधारकों ने राशन वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए पर्यवेक्षक मनोज कुमार को बंधक बना लिया। सूचना पाकर सप्लाई इंस्पेक्टर रत्नेश मिश्र गांव पहुंचे। जांच में अनियमितता मिली, जिस पर दुकान को सील कर दिया गया। जांच रिपोर्ट के साथ अफसर जाने लगे तो कोटेदार समर्थकों ने हंगामा किया। मंगलवार को दोपहर बाद इस सील दुकान को खोलकर राशन वितरण किया गया। बुधवार को भी राशन वितरण हुआ। गांव के लोगों ने इसकी सूचना डीएसओ विमल कुमार शुक्ल को दी। इस संबंध में डीएसओ विमल कुमार शुक्ल ने बताया कि सील दुकान खोलकर राशन वितरण का यह मामला गंभीर है। इसकी जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।